दल बदलू सांसद जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं: कांग्रेस

इंडिया गठबंधन ने दलबदलू सांसदों के घरों के बाहर तीव्र विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी

पुणे, 17 जून। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता गोपालदादा तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि इंडिया गठबंधन के टिकट पर चुने गए सांसद भारतीय जनता पार्टी या महायुति में शामिल होते हैं, तो इसे जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात माना जाएगा। ऐसे सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर तीव्र विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे।

बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में गोपालदादा तिवारी ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने महाविकास आघाड़ी और इंडिया गठबंधन के घोषणा-पत्र एवं नीतियों के समर्थन में मतदान किया था। साथ ही, नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों के विरोध में जनादेश दिया था। ऐसे में यदि जनता द्वारा चुने गए सांसद बाद में भाजपा या महायुति में शामिल होते हैं, तो यह मतदाताओं के साथ प्रत्यक्ष विश्वासघात और जनादेश का अपमान होगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कथित असंवैधानिक एवं लोकतंत्र विरोधी कार्यों के विरोध में तथा संविधान और राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व वाले कांग्रेस-प्रणित इंडिया गठबंधन को 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता का स्पष्ट समर्थन प्राप्त हुआ। जनता ने संसद में मजबूत विपक्ष की भूमिका भी कांग्रेस को सौंपी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की संख्या 52 से बढ़कर 102 हो गई है।
तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), आयकर विभाग तथा चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को कमजोर करने का प्रयास किया। इसके बावजूद भाजपा 400 पार के लक्ष्य से काफी पीछे रह गई और उसकी लोकसभा सीटें घटकर 240 रह गईं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आज भी मुख्य रूप से नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के समर्थन के आधार पर सत्ता में बनी हुई है तथा भाजपा को देशभर में 38 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त नहीं हुए।

गोपालदादा तिवारी ने आरोप लगाया कि यदि जनता द्वारा विपक्ष के रूप में चुने गए सांसद कानूनी प्रावधानों और दो-तिहाई संख्या बल की आड़ लेकर सत्ता पक्ष में शामिल होते हैं, तो यह लोकतंत्र की हत्या के समान है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र के अन्य संवैधानिक स्तंभ इस स्थिति को मूकदर्शक बनकर कैसे देख सकते हैं।
तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र में भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा-नीत एनडीए की तुलना में कांग्रेस-इंडिया गठबंधन को अधिक सांसद चुनकर जनता ने अपना स्पष्ट जनादेश दिया था। उन्होंने कहा कि शिवसेना सहित इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पूरी मेहनत की थी, इसलिए अब यदि कोई सांसद दल बदलता है तो उसे जनता और गठबंधन दोनों के साथ विश्वासघात माना जाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न विकास परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार पर उच्च न्यायालय ने भी गंभीर टिप्पणियां की हैं। ऐसे में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता अनैतिक तरीके से सत्ता में बने रहने वालों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे और जनादेश के विपरीत दल बदलने वाले सांसदों के घरों के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे।

यह चेतावनी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता गोपालदादा तिवारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

टिप्पणियाँ