दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, महाराष्ट्र में अगले 48 घंटे भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
मुंबई/पुणे, 23 मई, ( भगीरथ प्रयास समाचार सेवा) : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ते हुए मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार महाराष्ट्र के दक्षिण-पश्चिमी भागों, विशेषकर मुंबई, पुणे और आसपास के क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि महाराष्ट्र के अनेक हिस्सों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। pree mansun in Maharashtra विशेषज्ञों का कहना है कि विदर्भ क्षेत्र में 26 मई तक भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी।
मुंबई-पुणे समेत कई क्षेत्रों में बारिश के आसार
मौसम विश्लेषकों के अनुसार अरब सागर से आने वाली नमी और बदलते वायुमंडलीय दबाव के कारण मुंबई, पुणे, ठाणे, रायगढ़, सतारा और कोल्हापुर सहित कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर तेज गर्जना, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह
प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा बारिश और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी भी दी गई है। खुले मैदानों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
किसानों और प्रशासन की बढ़ी चिंता
अचानक बदलते मौसम के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों से आधिकारिक मौसम अपडेट पर ध्यान देने की अपील की गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें