सर्वांगीण प्रगति, सर्वसमावेशी विकास और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस–मविआ को विजयी बनाएं — वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता गोपालदादा तिवारी ने मतदाताओं से की अपील
मुंबई, 18 दिसंबर:
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नगरपालिकाओं एवं नगर परिषदों में सर्वसमावेशी विकास सुनिश्चित करने, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य की जनता आगामी नगरपालिका व नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस-प्रणीत महाविकास आघाड़ी (मविआ) को विजयी बनाए—ऐसा आह्वान महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता गोपालदादा तिवारी ने किया है। यह अपील उन्होंने गांधी भवन, मुंबई से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की।
तिवारी ने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने बिना सोचे-समझे लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा की, जिससे राज्य की तिजोरी पर भारी दबाव पड़ा है और राज्य पर तीन गुना से अधिक कर्ज का बोझ चढ़ गया है। इसी कारण महायुति सरकार की नजर अब महानगरपालिकाओं, नगरपालिकाओं और नगर परिषदों की करोड़ों रुपये की जमा राशियों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार वर्षों से प्रशासकीय शासन लागू कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होने वाले चुनावों को जानबूझकर टाला गया, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद सरकार को 26 जनवरी से पहले चुनाव कराना मजबूरी बन गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन के मंत्री सत्ता का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं। जमीन और स्टांप ड्यूटी घोटालों में नोटों के बंडल और भारी नकदी मिलने के बावजूद आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं हो रही, जिस पर न्यायालय बार-बार सवाल उठा रहा है।
तिवारी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। डॉ. संपदा मुंडे प्रकरण, सरपंच संतोष देशमुख की हत्या और अक्षय शिंदे फर्जी मुठभेड़ जैसे मामलों में महीनों बीत जाने के बावजूद पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया है।
इन तमाम संकटों—सामाजिक, धार्मिक और जातीय असुरक्षा—से राज्य को बाहर निकालने के लिए आवश्यक है कि जनता कांग्रेस-प्रणीत महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों को चुनकर नगरपालिका और नगर परिषदों के माध्यम से जनता की सुरक्षा के लिए एक मजबूत “शक्ति-रूपी कवच” खड़ा करे।
मतदान की पूर्व संध्या पर उन्होंने राज्य की जनता से अपने लोकतांत्रिक अधिकार और भविष्य की जिम्मेदारी को समझते हुए मतदान करने तथा कांग्रेस–मविआ को बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें